Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किए बाबा रामदेव के दर्शन

जैसलमेर:  लोकदेवता बाबा रामदेव की पावन धरा रामदेवरा में बुधवार को श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रामदेवरा पहुंचे और बाबा रामदेव मंदिर में पावन समाधि के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने बस स्टैंड से मंदिर तक ध्वजा (नेजा) थामकर पदयात्रा की। मुख्य बाजार से होते हुए निकली इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ शामिल हुए। मुख्यमंत्री के रामदेवरा पहुंचने पर श्रद्धालुओं और आमजन ने उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया।

मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री ने डालीबाई की समाधि के भी दर्शन किए और श्रद्धा अर्पित की। इसके बाद उन्होंने जम्मा-जागरण स्थल पर बाबा रामदेव की रिक्खियों का श्रवण किया। धार्मिक वातावरण में मुख्यमंत्री पूरी तरह भक्तिभाव में नजर आए।

मुख्यमंत्री ने रामदेवरा की निःशुल्क भोजनशाला में श्रद्धालुओं को अपने हाथों से प्रसादी परोसी। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ आत्मीयता से संवाद भी किया।

दर्शन एवं पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने रामदेवरा के मुख्य बाजार में जनप्रतिनिधियों के साथ चाय पी और आमजन से बातचीत की। इस दौरान उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, विधायक छोटू सिंह भाटी, महंत प्रताप पुरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।