Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

सीकर अरबन को-ऑपरेटिव बैंक की 34वीं वार्षिक साधारण सभा: प्रतिबंध हटने के बाद बैंक की प्रगति पर जोर, डिजिटल बैंकिंग और ऋण वसूली को प्राथमिकता

सीकर : सीकर अरबन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की 34वीं वार्षिक साधारण सभा प्रधान जी का जाव में बैंक अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जोशी एडवोकेट की अध्यक्षता में आयोजित हुई। सभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के कार्य परिणाम, अंकेक्षित तुलन-पत्र, लाभ-हानि खाते तथा आय-व्यय का अनुमोदन किया गया। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित बजट पर विस्तृत चर्चा के बाद उसे भी स्वीकृति प्रदान की गई।

सभा को संबोधित करते हुए बैंक अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जोशी ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा बैंक पर लगाए गए समस्त प्रतिबंध हटाए जाने के बाद बैंक लगातार प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी बैंकिंग परिवेश में संचालक मंडल का प्रयास बैंक को आधुनिक तकनीक और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं से सशक्त बनाने का है।

डॉ. जोशी ने कहा कि बैंक के खाताधारकों और अंशधारकों के हितों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि डिफाल्टर ऋणियों से बकाया ऋण की वसूली के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसे शीघ्र लागू किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि बैंक अपने ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण आधुनिक बैंकिंग और डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जल्द महत्वपूर्ण प्रगति करेगा।

बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने वार्षिक साधारण सभा के समक्ष वित्तीय वर्ष 2025-26 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसे सदस्यों ने अनुमोदित किया। इसके साथ ही पिछली वार्षिक साधारण सभा की कार्यवाही की पुष्टि सहित सभी विचारणीय विषयों को आम सभा ने सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की।
सभा में बैंक की वित्तीय स्थिति से संबंधित जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि कर देयताओं से पूर्व वित्तीय वर्ष 2025-26 में बैंक ने 1 करोड़ 10 लाख रुपये का परिचालन लाभ अर्जित किया। बैंक चालू वित्तीय वर्ष में भी लगातार आठवें वर्ष परिचालन लाभ की स्थिति में है और अब तक करीब 15 लाख रुपये का परिचालन लाभ दर्ज किया है।

वार्षिक साधारण सभा में संचालक मंडल के सदस्यों एवं प्रतिनिधि सभा के सदस्यों ने सहभागिता करते हुए बैंक की कार्यप्रणाली और भविष्य की रणनीति पर अपने विचार रखे। 

अंत में बैंक के उपाध्यक्ष सांवरमल सैनी ने सभी आगंतुकों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।