सीकर : शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने गुरुवार को फतेहपुर क्षेत्र के हिरना गांव स्थित शहीद विष्णु शेखावत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय स्टाफ, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि शहीद विष्णु शेखावत के नाम पर बने इस विद्यालय का नया भवन क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि गांव के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को इस नई सौगात के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
दिलावर ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं और बेटियों के सम्मान, सुरक्षा तथा शिक्षा के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। इसी सोच के साथ लाडो प्रोत्साहन योजना संचालित की जा रही है, ताकि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी बेटी की शिक्षा बाधित न हो। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत बालिकाओं को शिक्षा के विभिन्न चरणों में प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है तथा कुल मिलाकर लगभग डेढ़ लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक बेटी शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बने।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का पूरा लाभ उठाकर मन लगाकर अध्ययन करें तथा अपने माता-पिता, गांव और प्रदेश का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की तथा विद्यालय के नवीन भवन के उद्घाटन के साथ ही हिरना गांव एवं आसपास के क्षेत्र को शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सौगात मिली है, जिससे आने वाले वर्षों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और क्षेत्र में शिक्षा का स्तर और अधिक सुदृढ़ होगा।कार्यक्रम की अध्यक्षता जगदीश प्रसाद ने की।