Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा



17 अगस्त तक निकाय चुनाव की घोषणा संभव : खर्रा, पिछड़ा आयोग की रिपोर्ट पर शुक्रवार को मंत्रिमंडल में होगा फैसला

सीकर: निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर भाजपा की जिला संगठनात्मक बैठक गुरुवार को हुई। जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने को लेकर मंथन किया गया।

बैठक में जयपुर संभाग प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, जयपुर संभाग चुनाव संचालन समिति के प्रभारी प्रभुलाल सैनी और शंकर सिंह राजपुरोहित विशेष रूप से मौजूद रहे।
जिला, निकाय और वार्ड स्तर पर तय होंगे प्रभारी
जयपुर संभाग प्रभारी श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि निकाय चुनाव से पहले जिला, नगर परिषद, नगर पालिका और वार्ड स्तर पर संयोजक व प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे। उन्होंने संगठन पदाधिकारियों से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

17 अगस्त तक चुनाव की घोषणा संभव : खर्रा
यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि पिछड़ा आयोग की रिपोर्ट सरकार को मिल गई है। शुक्रवार को होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में रिपोर्ट पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 17 अगस्त तक निकाय चुनावों की घोषणा होने की संभावना है।

खर्रा ने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शेखावाटी में यमुना का पानी लाने की योजना का जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से शिलान्यास कराया जाएगा।

जनता के विश्वास का चुनाव है : सैनी

जयपुर संभाग चुनाव संचालन समिति के प्रभारी प्रभुलाल सैनी ने कहा कि निकाय चुनाव जनता के विश्वास और विश्वसनीयता का चुनाव है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाने की बात कही।

चुनाव संचालन समिति के शंकर सिंह राजपुरोहित ने पदाधिकारियों से संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने प्रत्येक मतदाता तक पहुंच बनाने और चुनाव में जीत हासिल करने के लिए पूरी तैयारी के साथ काम करने को कहा।

13 अगस्त को सीकर में होगा समरसता रथ का समापन

जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ ने बैठक में मौजूद पदाधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा निकाय चुनावों में पूरी तैयारियों के साथ मैदान में उतरेगी। समरसता रथ गुरुवार को जिले में प्रवेश करेगा और जिले की आठों विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण कर संत रविदास जी महाराज के जीवन और उनके संदेश से लोगों को अवगत कराएगा। 13 अगस्त को सीकर में समरसता रथ का समापन होगा।

बैठक में सैनिक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजौर, पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती, पूर्व सांसद सुभाष महरिया, धोद विधायक गोरधन वर्मा, खंडेला विधायक सुभाष मील, पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी, राजकुमारी शर्मा, केडी बाबर, किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष हरिराम रणवां, पूर्व जिलाध्यक्ष पवन मोदी, महेश शर्मा, विष्णु चेतानी, इंद्रा चौधरी, डॉ. कमल सिखवाल, श्रवण चौधरी, गजानंद कुमावत सहित भाजपा के जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।