चूरू : कोलकाता में आयोजित 27वीं सब जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल कर अंचल का मान बढ़ाने वाले युवा खिलाड़ी पीयूष भादू एवं लक्की कालेर का गुरुवार को घांघू पहुंचने पर ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों की ओर से भव्य अभिनंदन किया गया।
ग्राम पंचायत, परिवारजनों एवं ग्रामीणों ने डीजे के साथ गांव के मुख्य रास्तों से विजय जुलूस निकालकर युवा खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया। विजय जुलूस के बाद गांव के आईटी सेंटर में ग्राम पंचायत घांघू की प्रशासक विमला देवी दर्जी एवं सदस्यों द्वारा पीयूष व लक्की को माला साफा पहनाकर एवं अभिनंदन पत्र प्रदान कर स्वागत सम्मान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ग्राम पंचायत प्रशासक विमला देवी दर्जी ने कहा कि पीयूष एवं लक्की की जोड़ी ने राष्ट्रीय स्तर पर रोइंग चैम्पीयनशिप में रजत पदक जीतकर ग्राम पंचायत का मान बढ़ाया है। इससे क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगे और भी अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई।
सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि समाजसेवी महावीर नेहरा ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पीयूष एवं लक्की ने रोइंग में रजत पदक जीतकर गांव एवं क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि 1981 में घांघू के हरफूल सिंह रेवाड़ ने डेकेथलॉन में राष्ट्रीय स्तर पर ऑपन प्रतियोगिता में रजत पदक जीता था। उसके बाद गांव घांघू के लिए पीयूष एवं लक्की की जोड़ी ने राष्ट्रीय स्तर पर ओपन प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त किया है। उन्होंने दोनों ही खिलाड़ियों की सराहना करते हुए इसे गांव व क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादाययी बताया।
विशिष्ट अतिथि खेल प्रशिक्षक सफी मोहम्मद गांधी ने कहा कि घांघू के खिलाड़ी पीयूष एवं लक्की की जोड़ी द्वारा क्षेत्र के लिए नेशनल रोइंग चैम्पीयनशिप में रजत पदक जीतना एक जोरदार शुरुआत है। खिलाड़ियों द्वारा रोइंग में राष्ट्रीय स्तर पर जीता गया यह ख़िताब क्षेत्र के अन्य खिलाड़ियों को भी रोइंग खेल के प्रति आगे बढ़ने में प्रेरणादायक साबित होगा।
इस अवसर पर उप सरपंच पूर्ण सिंह शेखावत, महावीर सिहाग लाखाऊ, समाजसेवी परमेश्वरलाल दर्जी, खेमचंद गुरी, सुगनाराम मांझु, लालचंद प्रजापत, हरिराम भादू, कमलेश देवी, नेमीचंद भादू, जब्बार खां, सुनील भादू, अनिल भादू, वरिष्ठ लिपिक सत्यप्रकाश मीणा, बैंक प्रबंधक लाभूराम, गोविन्द सिंह शेखावत, रामजस टाक, कर्मवीर गोदारा, प्रवीण कपूरिया, मोहिनी देवी, शर्मिला देवी, मीनाक्षी मंचस्थ रहे। कार्यक्रम का संचालन बीरबल नोखवाल ने किया। इस अवसर पर महेश कुमार, बोयताराम फगेड़िया, शीशराम भादू, रामनिवास फगेड़िया, भंवरलाल भादू, इरफ़ान पहाडियान, रामलाल फगेड़िया, विनित राहड़, प्रेम सिंह राठौड़, मुकारब खां, डालूराम, प्रताप, पूनमचंद प्रजापत, प्रधानाचार्य सिकंदर कुरैशी, सलीम मिस्त्री, सतार खान, रामस्वरूप दगल, लीलाधर खीचड़, देवेंद्र राहड़, संजय कपूरिया, हीरालाल भादू, वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक रामसिंह सिहाग, राजकुमार फगेड़िया, वासुदेव सिहाग, अमित प्रजापत, सुनील जांगिड़ सहित सैंकड़ों महिला, पुरुष एवं बच्चे मौजूद रहे।