फतेहपुर : श्रावण मास के पावन अवसर पर नगर आराध्य देव श्री लक्ष्मीनाथ महाराज मंदिर भक्तिमय वातावरण से सराबोर है। पूरे सावन माह में ठाकुरजी का प्रतिदिन विशेष श्रृंगार किया जा रहा है। स्वर्ण, रजत एवं कांच से सुसज्जित आकर्षक हिंडोलों में विराजमान होकर श्री लक्ष्मीनाथ जी श्रद्धालुओं को दिव्य दर्शन दे रहे हैं। सावन की छटा और मंदिर की भव्य सजावट श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
मंदिर से जुड़े अनूप बियांला ने बताया कि श्रावण मास में एक माह तक श्री लक्ष्मीनाथ जी महाराज सभा मंडप के बाहर विराजमान रहते हैं, जिससे अधिक से अधिक श्रद्धालु सहज रूप से दर्शन-पूजन कर सकें। इस दौरान कोलकाता के कुशल कारीगरों द्वारा मंदिर परिसर के बाहरी भाग को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, वहीं पुजारियों द्वारा प्रतिदिन ठाकुरजी का मनोहारी श्रृंगार किया जा रहा है।
विशेष सजावट की व्यवस्थाओं में मंदिर समिति के पवन खंडेलवाल, नरेंद्र केशान, कमल सैनी, विक्की देवड़ा, लक्की लोहिया सहित अनेक युवा सेवाभाव से जुटे हुए हैं। उनके सहयोग से मंदिर परिसर में भक्तिमय और मनोहारी वातावरण बना हुआ है।
श्रावण मास प्रारंभ होते ही मंदिर में भक्ति की अलौकिक छटा बिखर गई है। मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोषों से गूंज उठा। नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु ठाकुरजी के विशेष श्रृंगार और हिंडोला दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। भक्तों ने श्रद्धाभाव से दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।
श्रावण मास में प्रतिदिन हो रहे विशेष श्रृंगार, भव्य सजावट और दिव्य हिंडोला दर्शन से श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर इन दिनों आस्था और भक्ति का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।