सीकर: रामलीला मैदान में आयोजित श्री करणी कथा महोत्सव में आज श्रद्धालु भक्तों ने मां करणी के चमत्कारों एवं भगवान श्रीराम के दिव्य चरित्र का श्रद्धापूर्वक श्रवण किया। पूरे आयोजन स्थल पर "जय श्रीराम" और "जय मां करणी" के जयघोष गूंजते रहे।
प्रख्यात कथावाचक डॉ. करणी प्रताप सिंह महाराज ने अपने ओजस्वी एवं भावपूर्ण प्रवचनों में रामचरितमानस के सीता हरण प्रसंग का विस्तृत वर्णन किया। उन्होंने कहा कि यह प्रसंग केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि धर्म, मर्यादा, त्याग और अधर्म पर धर्म की विजय का अमर संदेश है। रावण द्वारा छलपूर्वक माता सीता का हरण, जटायु के अद्वितीय बलिदान तथा भगवान श्रीराम की धर्मनिष्ठा का मार्मिक वर्णन सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
उन्होंने कहा कि रामचरितमानस के आदर्श आज भी समाज को सत्य, सेवा, संस्कार और मर्यादा का मार्ग दिखाते हैं। प्रत्येक व्यक्ति को भगवान श्रीराम के जीवन मूल्यों को अपने आचरण में उतारना चाहिए। कथा के दौरान महाराज श्री ने मां करणी के चमत्कारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद से अनेक राजाओं ने युद्ध में विजय प्राप्त की। उन्होंने सनातन संस्कृति की महत्ता बताते हुए कहा कि मातृशक्ति ही समाज और नई पीढ़ी के निर्माण की आधारशिला है तथा उसमें तप, त्याग और शक्ति का अद्भुत संगम निहित है।
महाराज श्री ने कहा कि मां करणी की असीम कृपा से कथा का समापन एक दिन आगे बढ़ा है, क्योंकि मां अपने भक्तों पर निरंतर आशीर्वाद बरसा रही हैं। कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से कथा श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की।
भजन सम्राट किन्नू बन्ना की ओर से प्रस्तुत बजरंगबली एवं मां करणी के भजनों पर विशेषकर महिला श्रद्धालु भक्ति में झूम उठीं। पूरा कथा पंडाल भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
इस अवसर पर सीकर के पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती ने कथा पंडाल पहुंचकर मां श्री करणी के दर्शन किये और कथा का श्रवण किया। कथा के दौरान गोपाल सिंह राठौड़ (रतनगढ़) एवं आशु सिंह शेखावत (पाटोदा) ने मां करणी की सेवा में प्रसाद स्वरूप 21-21 हजार रुपये की भेंट अर्पित की।
कथा में भड़कासली करणी कथा परिवार की ओर से उछब कंवर (पत्नी महावीर सिंह बारहठ), विक्रम सिंह बारहठ, भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष स्वदेश शर्मा, मिलन शर्मा, आदित्य शर्मा सहित अनेक श्रद्धालुओं ने भी पहुंचकर महाराज श्री से आशीर्वाद प्राप्त किया।
आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, बैठक और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई।