सीकर : रामलीला मैदान में आयोजित श्री करणी कथा महोत्सव में गुरुवार को देशनोक स्थापना दिवस श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कथा पंडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा और पूरा वातावरण भक्ति, भजन एवं जयकारों से गूंजता रहा।
कथा वाचक डॉ. करणी प्रताप सिंह महाराज ने देशनोक स्थापना का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि देशनोक की स्थापना स्वयं मां करणी ने की थी। उनके प्रताप से अनेक राजघराने भाईचारे और सद्भाव की एक डोर में बंधे रहे। उन्होंने कहा कि मां करणी ने ब्राह्मण समाज को ज्ञान एवं आशीर्वाद का वरदान दिया, वहीं राजपूत समाज को धर्मपूर्वक राज्य संचालन का आशीर्वाद प्रदान किया।
महाराज श्री ने मां करणी के चमत्कारों का वर्णन करते हुए कहा कि मां की असीम कृपा से उन्हें दुर्गा सप्तशती के 100 यज्ञ संपन्न करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन यज्ञों की पूर्णाहुति के बाद मां करणी की कथा का विश्वभर में वाचन कर सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और धार्मिक मूल्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि करणी कथा में सर्वसमाज की भागीदारी मां करणी की विशेष कृपा का प्रतीक है। वर्तमान समय में समाज में बढ़ रही जातीय कटुता को समाप्त कर सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण तथा महिला सशक्तीकरण की दिशा में कार्य करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मां करणी सभी पर समान रूप से कृपा बरसाती हैं और उनके चमत्कारों के आगे विज्ञान भी नतमस्तक हो जाता है।
इस अवसर पर स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा मुख्य अतिथि के रूप में कथा स्थल पहुंचे। आयोजकों एवं श्रद्धालुओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया। मंत्री खर्रा ने धर्म, संस्कृति और भारतीय परंपराओं के संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए आयोजन की सराहना की।
देशनोक स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष धार्मिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन एवं भक्तिमय प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने मां करणी के जयकारों के साथ धर्मलाभ प्राप्त किया।
मां करणी को प्रसाद स्वरूप भंवर सिंह कविया एवं भाजपा नेता पवन जोशी ने 21-21 हजार रुपये की भेंट अर्पित की। कथा के दौरान यूनाइटेड ग्लोबल पीस फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं मां करणी के अनन्य भक्त मेघराज सिंह रॉयल ने मां करणी के चरणों में धोक लगाकर महाराज श्री का आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं मां करणी के भक्त शक्ति सिंह बांदीकुई ने यूनाइटेड ग्लोबल पीस फाउंडेशन द्वारा धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों के संचालन पर मेघराज सिंह रॉयल का आभार व्यक्त किया।
कथा में पूर्व केंद्रीय मंत्री महादेव सिंह खंडेला, श्री कल्याण धाम के महंत विष्णु प्रसाद शर्मा, पूर्व विधायक नंदकिशोर महरिया, रतनलाल जलधारी, जिला भाजपा अध्यक्ष मनोज वाटर, नेमीचंद कुमावत, राजेश रोलन, तेजप्रकाश सैनी, पंकज कुल्हरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।