फतेहपुर शेखावाटी : पूर्व विधायक स्व. बनवारीलाल भिंडा की आठवीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को गोयनका मंदिर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। इसमें नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा, विधायक हाकम अली खान, सुभाष मील, पूर्व सांसद संतोष अहलावत, शुभकरण चौधरी सहित भाजपा एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
वक्ताओं ने भिंडा को सिद्धांतवादी, जनसेवा के प्रति समर्पित और सत्य-न्याय का पक्षधर जननेता बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।इससे पूर्व लक्ष्मीनाथ नंदीशाला परिसर में हजारों पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा गौवंश को हरा चारा खिलाया गया।
पत्रकारों से बातचीत में मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि निकाय चुनाव सीधे कराने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता चुनाव के लिए तैयार है। प्रतियोगी परीक्षाओं के संबंध में उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछले 31 महीनों में परीक्षाएं निर्विवाद रूप से कराई गई हैं और पेपर लीक मामलों में कार्रवाई की गई है।
जंतर-मंतर पर हुए हालिया प्रदर्शन को लेकर मंत्री खर्रा ने प्रदर्शनकारियों की आलोचना करते हुए इसे संस्कारों से जुड़ा विषय बताया।
कार्यक्रम के अंत में पूर्व पालिकाध्यक्ष मधुसूदन भिंडा ने सभी अतिथियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। श्रद्धांजलि सभा के समापन पर दो मिनट का मौन रखकर स्व. भिंडा को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।