सीकर : गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर विप्र सेना जिला इकाई की ओर से श्री कल्याण मंदिर धाम में आठवें सामूहिक यज्ञोपवित (जनेऊ) संस्कार समारोह का श्रद्धा, आस्था एवं वैदिक परंपराओं के अनुरूप भव्य आयोजन किया गया। समारोह में 104 बटुकों का विधि-विधान से यज्ञोपवित संस्कार संपन्न कराया गया। पूरे आयोजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और हवन से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
श्री कल्याण धाम के व्यवस्थापक रवि प्रसाद शर्मा ने बताया कि पंडित विजय विवेक दाधीच के आचार्यत्व में सभी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। वैदिक रीति-रिवाजों के साथ बटुकों को यज्ञोपवित धारण कराया गया तथा सनातन परंपराओं के अनुरूप धार्मिक संस्कार प्रदान किए गए।
समारोह में श्री कल्याण धाम के महंत एवं धर्मगुरु श्री विष्णु प्रसाद शर्मा ने बटुकों को यज्ञोपवित संस्कार के महत्व से अवगत कराते हुए नित्य पूजा-पाठ, संध्या-वंदन एवं वैदिक आचार-विचार का नियमित पालन करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यज्ञोपवित केवल एक संस्कार नहीं, बल्कि जीवनभर धर्म, अनुशासन और कर्तव्य पालन का संकल्प है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विप्र सेना के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री महेश ने कहा कि संगठन सदैव शोषित, वंचित एवं पीड़ित समाज को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए शास्त्र और शस्त्र, दोनों की शिक्षा समान रूप से महत्वपूर्ण है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन युवा पीढ़ी में सनातन संस्कृति के प्रति आस्था, संस्कार और राष्ट्रधर्म के भाव को सुदृढ़ करते हैं।
विप्र सेना के जिलाध्यक्ष सुरेश पारीक ने बताया कि संगठन का यह आठवां सामूहिक यज्ञोपवित संस्कार समारोह है। इस अवसर पर महंत शर्मा के सान्निध्य में बटुकों की भव्य काशी भ्रमण यात्रा निकाली गई। यात्रा घंटाघर, सूरजपोल गेट, अजमेर स्टैंड एवं शीतला चौक से होते हुए श्री कल्याण मंदिर धाम पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
समारोह में विप्र सेना प्रदेशाध्यक्ष दिनेश दादिया, छोटा तालाब बालाजी के महंत सुभाष शर्मा, जानकीवल्लभ मंदिर के महंत मधुसूदनाचार्य महाराज, मोनिका तिवाड़ी, विप्र सेना शहर अध्यक्ष गोपाल पुजारी, शिक्षा निधि कोषाध्यक्ष अमित शर्मा, राजेश शर्मा, नवीन बुटोलिया, मुकेश तिवाड़ी सहित अनेक गणमान्यजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।