चूरू : ढाढर सहयोग विकास एवं सेवा समिति तथा समाजसेवी यादराम कस्वां के संयुक्त तत्वावधान में संचालित "हरियालो बालरासर तंवरान, प्लास्टिक मुक्त बालरासर तंवरान" अभियान के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बालरासर तंवरान में गुरुवार को पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को एक-एक पौधा, एक-एक टी-शर्ट तथा कपड़े का बैग वितरित किया गया। विद्यार्थियों ने पौधों की देखभाल करने तथा प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीईईओ हवा सिंह सहारण ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण और बेहतर भविष्य की नींव बनेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधों की नियमित देखभाल करने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्राचार्य सुनीता दादरवाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कपड़े के बैग के उपयोग को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। यदि बच्चे इस अभियान को अपने घर और गांव तक पहुंचाएंगे तो निश्चित रूप से सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
समाजसेवी यादराम कस्वां ने कहा कि "हरियालो बालरासर तंवरान, प्लास्टिक मुक्त बालरासर तंवरान" अभियान का उद्देश्य गांव को हराभरा बनाने के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधे की जिम्मेदारी ले ले और प्लास्टिक का उपयोग छोड़ दे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन संभव है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी अभियान के तहत विभिन्न सामाजिक और पर्यावरणीय गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान स्थानांतरण होकर विद्यालय में नवपदस्थापित चार वरिष्ठ अध्यापकों का साफा एवं माल्यार्पण कर स्वागत और अभिनंदन किया गया। सभी अतिथियों ने नवागत शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय के शैक्षणिक विकास में उनके योगदान की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ, एसडीएमसी सदस्य, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण तथा प्लास्टिक मुक्त गांव बनाने का संकल्प लिया।