Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

राव राजा कल्याण सिंह का 140 वां जन्मोत्सव, बैंड प्रतियोगिता ने मोहा मन


सीकर : शहर की आस्था के केंद्र श्री कल्याण धाम में शनिवार को सीकर के महान शासक राव राजा कल्याण सिंह जी का 140वां जन्मदिवस बेहद ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरा परिसर भक्तिमय रंग में रंगा नजर आया, जहां भव्य बैंड वादन प्रतियोगिता ने सभी का मन मोह लिया।

धर्मगुरु सनातन रत्न महंत विष्णु प्रसाद शर्मा के सानिध्य में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8:15 बजे भगवान श्री कल्याण धणी की महाआरती से हुई। इसके बाद दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक संकीर्तन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राव राजा साहब की पसंद 'बैंड वादन प्रतियोगिता' रही, जिसमें कई बैंडों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर समां बांध दिया।

इस मौके पर कल्याण धाम व्यवस्थापक रवि प्रसाद शर्मा ने बताया कि राव राजा कल्याण सिंह जी को बैंड वादन से बेहद लगाव था और वे अपना जन्मदिन भगवान कल्याण धणी के चरणों में ही मनाते थे। उन्हीं की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भव्य बैंड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

शहर में लगेगी राव राजा की प्रतिमा

कार्यक्रम के दौरान एक महत्वपूर्ण संकल्प भी लिया गया। सनातन रत्न महंत विष्णु प्रसाद शर्मा ने कहा कि राव राजा कल्याण सिंह सीकर के लिए किसी कोने से कम नहीं हैं। वे प्रतिदिन महल से पैदल कल्याण धाम दर्शन करने आते थे और उसके बाद ही अपनी दिनचर्या शुरू करते थे। उनकी आस्था और सीकर के प्रति समर्पण का परिणाम है कि आज शहर के स्कूल, कॉलेज और अस्पताल उन्होंने अपने नाम पर नहीं, बल्कि भगवान कल्याण के नाम पर बनवाए।

उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही एक समिति का गठन कर सरकार से अनुमति लेकर आम जनता के सहयोग से सीकर शहर में राव राजा कल्याण सिंह जी की एक भव्य एवं आकर्षक प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यह प्रतिमा शहर की विरासत और उनके योगदान का प्रतीक होगी।

गणमान्यों ने दी श्रद्धांजलि

इस अवसर पर पूर्व विधायक रत्न जलधारी ने कहा कि आज हम जो सीकर का सुंदर स्वरूप देख रहे हैं, वह राजा साहब की ही देन है। भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष महेश भिंडा एवं वर्तमान जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ ने भी अपने संबोधनों में कहा कि शिक्षा नगरी के रूप में देशभर में सीकर की जो पहचान है, वह राव राजा कल्याण सिंह के दूरदर्शी योगदान का ही परिणाम है।

कार्यक्रम में राज परिवार से कुंवर पृथ्वी सिंह, लड्डू दास महाराज, विप्र सेना जिलाध्यक्ष सुरेश पारीक, रतन कोलसिया, सुरेंद्र त्रिहन, सुरेश अग्रवाल अशोक कलावटिया, CA राजीव लोचन शर्मा, कैलाश स्वामी, मनीषा स्वामी, वंदना राठौड़, विक्की, लखन, गजानंद भिंडा, श्याम सर्राफ, अनिल अग्रवाल, नेमीचंद सोनी, अक्षय सेन, अशोक शर्मा, योगेश शर्मा, यश अग्रवाल, विक्रम सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में भक्तगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।