सीकर: श्री कल्याण धाम सीकर में इस बार ऐतिहासिक और भव्य आयोजन होने जा रहा है। राजस्थान की लोक आस्था के प्रतीक और सीकर के पूर्व शासक राव राजा कल्याण सिंह जी की 140वीं जयंती 20 जून 2026 को बेहद ही धूमधाम और श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी। यह आयोजन धर्मगुरु सनातन रत्न महंत विष्णु प्रसाद शर्मा के पावन सानिध्य में किया जाएगा।
सुबह 8:15 बजे महाआरती से होगी शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8:15 बजे भगवान श्री कल्याण धणी की महाआरती के साथ होगी। इसके बाद मंदिर परिसर में दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। वहीं, इस आयोजन का मुख्य आकर्षण भव्य बैंड वादन होगा, जिसमें सैकड़ों कलाकार और श्रद्धालु भाग लेंगे।
बैंड वादन से जुड़ी है खास परंपरा:
मंदिर व्यवस्थापक रवि प्रसाद शर्मा ने बताया कि राव राजा कल्याण सिंह जी को बैंड वादन अत्यंत प्रिय था। वे अपना जन्मदिन हमेशा श्री कल्याण धणी के चरणों में ही मनाते थे और इस दिन बैंड वादन प्रतियोगिता का आयोजन करते थे। इसी परंपरा को निभाते हुए श्री कल्याण धाम में हर साल भव्य बैंड वादन कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस बार 140वें जन्मोत्सव पर यह आयोजन और भी भव्य और ऐतिहासिक होगा।
श्रद्धालु होंगे शामिल:
प्रशासन और मंदिर समिति ने इस अवसर पर सीकर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों भक्तों के पहुंचने की संभावना जताई है। सुरक्षा एवं व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। राव राजा के इस जन्मोत्सव को लेकर पूरे सीकर में उत्साह का माहौल है और श्रद्धालु इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनने के लिए उत्सुक हैं।