Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

बाड़मेर में तस्कर अरबाब खां का अवैध आशियाना बुलडोजर से ध्वस्त


बाड़मेर में मादक पदार्थों के तस्करों और संगठित अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ऑपरेशन क्लीन पूरी रफ्तार से जारी है। महानिदेशक पुलिस राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार और महानिरीक्षक पुलिस जोधपुर रेंज के कड़े निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए बाड़मेर पुलिस ने शुक्रवार को एक और बड़ी कार्रवाई की है। सेडवा थाना इलाके में अवैध मादक पदार्थ एमडी की फैक्ट्री चलाने वाले कुख्यात तस्कर के अवैध आशियाने को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने पूरी तरह नेस्तनाबूद कर दिया है। तस्कर ने सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर यह पक्का मकान खड़ा किया था।

    जिला पुलिस अधीक्षक श्री चूनाराम जाट ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस थाना सेडवा में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण के तहत पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ एमडी की फैक्ट्री चलाने वाले मुख्य आरोपी अरबाब खां पुत्र मूसा निवासी सिंहार को पूर्व में गिरफ्तार किया था। इसी मामले में उसका बेटा और वांछित आरोपी करीम खां भी पुलिस की रडार पर है।

     तस्करी के इस काले कारोबार से जुड़े इन अपराधियों ने ग्राम सिंहार में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा जमाकर एक आलीशान पक्का मकान बना रखा था। सेडवा थानाधिकारी ने इस अवैध निर्माण को चिन्हित कर उपखण्ड मजिस्ट्रेट सेडवा को अतिक्रमण हटाने के लिए आधिकारिक निवेदन भेजा था।

पुलिस जाप्ते की मौजूदगी में चला बुलडोजर

अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी होने के बाद गुरुवार 18 जून को पुलिस और प्रशासनिक अमला भारी लाव-लश्कर के साथ सिंहार गांव पहुंचा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बाड़मेर नितेश आर्य के नेतृत्व में वृत्ताधिकारी चौहटन जेठाराम एवं थानाधिकारी सेडवा प्रभुराम की एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

 मौके पर मौजूद उपखण्ड मजिस्ट्रेट सेडवा बद्रीनारायण, तहसीलदार सेडवा जोताराम मीणा, उप तहसीलदार सेडवा महेन्द्रसिंह और सहायक विकास अधिकारी सेडवा प्रहलादराम पंवार के साथ-साथ ग्राम विकास अधिकारी और पटवारी की मौजूदगी में जेसीबी और बुलडोजर की मदद से तस्कर के पक्के अवैध मकान को जमींदोज कर दिया गया।