चूरू : जिला मुख्यालय पर अग्रसेन नगर में शुक्रवार को अंग्रेजी माध्यम शिक्षण संस्था एपीएस एकेडमी का भव्य उद्घाटन विधायक हरलाल सहारण ने फीता काटकर एवं नन्हीं बालिका को तिलक लगाकर किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक सहारण ने वर्तमान समय में संस्कृति-परक शिक्षा की महत्ता पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. महेश मोहन पुकार, जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक कुमार अजय, शिक्षाधिकारी बृजेंद्र दाधीच तथा कैप्टन के.के. शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रसेन समग्र विकास समिति के अध्यक्ष बनवारी लाल शर्मा ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद नया प्रवेश लेने वाली बालिका निर्वी महर्षि को तिलक लगाकर विद्यालय का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक हरलाल सहारण ने अपने संबोधन में कहा कि आज के दौर में शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों का समावेश अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि एपीएस एकेडमी न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेगी, बल्कि विद्यार्थियों में सांस्कृतिक मूल्यों का भी विकास करेगी। उन्होंने विद्यालय के संचालक एल.एन. इंदौरिया को बधाई देते हुए कहा कि पिछले 30 वर्षों से शिक्षा क्षेत्र में उनका योगदान सराहनीय रहा है और यह नई पहल भी आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का प्रसार करेगी।
जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक कुमार अजय ने कहा कि भारत की शिक्षा प्रणाली अन्य देशों की तुलना में निरंतर प्रगति कर रही है और इस प्रकार के संस्थान बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि युद्धों से भरे इस निर्मम समय में हर रचनात्मक शुरुआत एक उम्मीद, भरोसे और सृजन का प्रतीक है।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. महेश मोहन पुकार ने विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षाधिकारी बृजेंद्र दाधीच एवं बनवारी लाल शर्मा ने मूल्य-आधारित शिक्षा की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं अभिभावकों ने विद्यालय परिसर का अवलोकन किया और कक्षा-कक्ष, खेल सुविधाएं, पेयजल, शौचालय, किचन तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की सराहना की। बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा देने की आधुनिक पद्धतियों को भी सराहा गया।
अंत में विद्यालय के संरक्षक बनवारी लाल इंदौरिया ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका अंकिता कोकचा ने किया। इस अवसर पर सिद्धि इंदौरिया, मनमोहन महर्षि, दलीप पूनिया, रामसिंह सिहाग, राजीव शर्मा, एडवोकेट योगेश शर्मा, नानू राम गोस्वामी, गजेंद्र महर्षि, चंद्रकांत शर्मा, दीपक शर्मा, शिक्षाविद रवि दाधीच, एडवोकेट मुकेश पीथीसरिया, कमल महर्षि, मीना शर्मा, किरण चोपड़ा सोनू पवार, ज्योति कुमारी, पूजा शर्मा, किशन उपाध्याय, ललित चौहान, संजय गोयल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।