Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

सरिस्का में बाघ ST-21 ‘युवराज’ की रोमांचक साइटिंग, पर्यटकों में उत्साह

अलवर:सरिस्का बाघ अभ्यारण के मेन गेट से लगभग एक किलोमीटर आगे कटाई पुलिया के पास सफारी पर निकले पर्यटकों को बाघ ST-21 ‘युवराज’ की जबरदस्त साइटिंग देखने को मिली। बाघ युवराज जिप्सी के बिल्कुल समीप से निकल गया, जिससे सफारी कर रहे पर्यटकों में खासा उत्साह देखा गया। पर्यटकों ने इस रोमांचक पल को अपने कैमरों में कैद किया। इसके बाद बाघ युवराज पेड़ के तने को सूंघते हुए जंगल की ओर चला गया।

वन विभाग के अनुसार, वर्तमान में सरिस्का में बाघ ST-21 युवराज सबसे ताकतवर बाघ माना जा रहा है, जो अपनी मौजूदगी से पर्यटकों को आकर्षित करता है। इन दिनों सरिस्का बाघ अभ्यारण और इसके बफर क्षेत्र में बाघ, बाघिन और शावकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसके चलते सफारी के दौरान आए दिन बाघ-बाघिन की साइटिंग हो रही है, जिससे सरिस्का में पर्यटकों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है।

नववर्ष के अवसर पर सरिस्का के सभी होटल और सफारी पूरी तरह से फुल रहे। वर्तमान में सरिस्का और इसके बफर क्षेत्र में करीब 50 बाघ, बाघिन और शावक मौजूद हैं। इन दिनों पर्यटकों को बाघ ST-21 युवराज के साथ-साथ बाघ ST-2304, बाघिन ST-9 और बाघ ST-25 की भी लगातार अच्छी साइटिंग देखने को मिल रही है।