विष्णु पद के
सीकर। पितृ पक्ष की त्रयोदशी पर इस बार श्री कल्याण धाम में खास आयोजन होगा। 19 सितम्बर 2025, शुक्रवार को धर्मगुरु सनातन रत्न महंत विष्णु प्रसाद शर्मा के सानिध्य में पितृ दीपावली मनाई जाएगी।
कार्यक्रम के तहत दोपहर 2:15 बजे श्रद्धालु अपने पितरों के निमित्त तर्पण करेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे कल्याण धणी की महाआरती होगी और शालिग्राम भगवान का तुलसी दल से पूजन किया जाएगा। इसके पश्चात श्री कल्याण धाम से माधव सागर तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। माधव सागर पर 11 हजार दीपों से सजावट होगी और पितरों की स्मृति में दीपदान किया जाएगा।
मान्यता और परंपरा
शास्त्रों के अनुसार पितृ पक्ष में पितर धरती पर आते हैं। इस अवसर पर दीपदान करने से उनके मार्ग को प्रकाश मिलता है और वे प्रसन्न होकर अपने लोक लौटते हैं। मंदिर व्यवस्थापक रवि प्रसाद शर्मा ने बताया कि तीन प्रकार की दीपावली मानी जाती है—
- मनुष्य लोक की दीपावली (कार्तिक अमावस्या)
- देव लोक की दीपावली (कार्तिक पूर्णिमा)
- पितृ लोक की दीपावली (आश्विन कृष्ण त्रयोदशी)
गया जी में विष्णु पद पर यह उत्सव सदियों से धूमधाम से मनाया जा रहा है। अब इस परंपरा को सीकर में भी जीवंत किया जाएगा।
शोभायात्रा का विशेष आकर्षण
सायं 5 बजे श्री कल्याण मंदिर से रथयात्रा निकलेगी। इसमें श्री कल्याण जी महाराज भव्य बैंड वादन के साथ रथ में विराजमान होंगे। यात्रा मुख्य मार्गों से होते हुए माधव सागर पहुंचेगी, जहां दीपदान के साथ आयोजन का समापन होगा।