Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

सीकर में ग्रामीण सत्ता की जंग का काउंटडाउन शुरू, 20 नवंबर को खुलेगा सियासी दिग्गजों की प्रतिष्ठा का पिटारा

सीकर में ग्रामीण सत्ता की जंग का काउंटडाउन शुरू, 20 नवंबर को खुलेगा सियासी दिग्गजों की प्रतिष्ठा का पिटारा

डोटासरा, खर्रा, खंडेला, महरिया और बाजौर की साख दांव पर; नतीजों से पहले भाजपा की बाड़ाबंदी, स्विमिंग पूल में मस्ती करते प्रत्याशियों के वीडियो चर्चा में

▪︎ बाल मुकुंद जोशी

सीकर जिला परिषद और जिले की 16 पंचायत समितियों के चुनाव परिणामों का काउंटडाउन शुरू हो चुका है.लंबी चुनाव प्रक्रिया के बाद 20 नवंबर को होने वाली मतगणना न केवल ग्रामीण सरकार की तस्वीर साफ करेगी, बल्कि जिले के कई दिग्गज नेताओं के राजनीतिक रसूख और सियासी पकड़ का भी इम्तिहान लेगी. इन चुनावों में प्रदेश कांग्रेसाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, पूर्व मंत्री महादेव सिंह खंडेला, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष महरिया और सैनिक कल्याण राज्य समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजौर की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है.

कांग्रेस का परंपरागत गढ़ माने जाने वाले सीकर में इस बार मुकाबला दिलचस्प है. कांग्रेस के सामने अपना राजनीतिक वर्चस्व और साख बचाने की चुनौती है, तो भाजपा ग्रामीण सत्ता में अपनी पैठ बढ़ाकर समीकरण बदलने की रणनीति पर काम कर रही है. चुनाव परिणाम से पहले ही दोनों दलों ने अपनी-अपनी जीत के दावे और संभावित जोड़-तोड़ की गणित बिठानी शुरू कर दी है.

चुनाव परिणाम से पहले भाजपा ने प्रशिक्षण शिविरों के नाम पर अलग-अलग स्थानों पर अपने प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी कर रखी है. इस पूरी कवायद की कमान पार्टी विधायक गोवर्धन वर्मा और सुभाष मील सहित स्थानीय नेताओं के हाथों में बताई जा रही है. पार्टी की कोशिश है कि मतगणना के बाद किसी भी संभावित राजनीतिक उलटफेर और क्रॉस वोटिंग की गुंजाइश को पहले ही खत्म कर दिया जाए.

दिलचस्प यह है कि परिणाम आने से पहले बाड़ाबंदी में मौजूद प्रत्याशी चुनावी तनाव से दूर मौज-मस्ती के अंदाज में नजर आ रहे हैं. महिला प्रत्याशी भी इसमें पीछे नहीं हैं. सोशल मीडिया पर कुछ महिला प्रत्याशियों के स्विमिंग पूल में अठखेलियां करते वीडियो सामने आने के बाद यह बाड़ाबंदी राजनीतिक चर्चा के साथ मनोरंजन का विषय भी बन गई है. हालांकि, असली सियासी पहरा तो परिणाम आने के बाद शुरू होगा, जब जीतने वाले प्रत्याशियों को अपने खेमे में सुरक्षित रखने के लिए कांग्रेस और भाजपा अलग-अलग रणनीति अपनाएंगी.

इन चुनावों में प्रदेश कांग्रेसाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की प्रतिष्ठा सबसे अहम मानी जा रही है. उनके सामने अपने गृह क्षेत्र लक्ष्मणगढ़ में तीन पंचायत समितियों के प्रधान और छह जिला परिषद सदस्यों को जिताने के साथ पूरे जिले में कांग्रेस का परचम बुलंद रखने की चुनौती है. पंचायत चुनावों का परिणाम उनके संगठनात्मक नेतृत्व और जिले में राजनीतिक प्रभाव का भी आंकलन करेगा.

दूसरी ओर यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के लिए श्रीमाधोपुर और अजीतगढ़ पंचायत समितियों में प्रधान की कुर्सी पर भाजपा का कब्जा कायम करना बड़ी चुनौती है. जिला परिषद में अधिक से अधिक सदस्यों को जिताकर भाजपा की स्थिति मजबूत करना भी उनके राजनीतिक कौशल की परीक्षा होगी.

पूर्व मंत्री महादेव सिंह खंडेला और पूर्व मंत्री सुभाष महरिया के लिए भी ये चुनाव अपने-अपने राजनीतिक प्रभाव को साबित करने का अवसर हैं. वहीं सैनिक कल्याण राज्य समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजौर की सियासी साख का आंकलन भी इन परिणामों से होगा.

जिले की ग्रामीण राजनीति में पूर्व मंत्री राजेंद्र पारीक, पूर्व विधानसभाध्यक्ष दीपेंद्र सिंह शेखावत, विधायक सुरेश मोदी, वीरेंद्र सिंह और हाकम अली की भूमिका भी महत्वपूर्ण रहेगी. इन नेताओं को अपने-अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित कर अपनी राजनीतिक ताकत दिखानी होगी. चुनाव परिणाम यह भी तय करेंगे कि स्थानीय स्तर पर किस नेता की पकड़ मजबूत हुई और किसके प्रभाव में कमी आई.

कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होने के बावजूद माकपा, आरएलपी और निर्दलीय प्रत्याशी चुनावी गणित को प्रभावित करने की स्थिति में हैं. कई पंचायत समितियों में इनकी भूमिका निर्णायक हो सकती है खासकर जहां दोनों प्रमुख दलों के बीच जीत का अंतर कम रहने की संभावना है, वहां निर्दलीय और अन्य दलों के निर्वाचित सदस्य प्रधान और जिला प्रमुख की कुर्सी का समीकरण बदल सकते हैं.

फिलहाल कांग्रेस और भाजपा के नेता अपनी-अपनी जीत की गणित बैठाने में पूरी ताकत झोंक रहे हैं. 20 नवंबर को मतगणना के साथ यह साफ हो जाएगा कि सीकर की ग्रामीण राजनीति में किसका पलड़ा भारी रहा. लेकिन इतना तय है कि यह चुनाव केवल जिला परिषद और पंचायत समितियों की सत्ता का फैसला नहीं करेंगे, बल्कि जिले के कई नेताओं के राजनीतिक भविष्य और अगले सियासी मुकाबलों की दिशा भी तय करेंगे.