सीकर : परमहंस पंडित गणेश नारायण बावलिया बाबा की भव्य मूर्ति स्थापना को लेकर सीकर में तीन दिवसीय धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। 20 अगस्त को देव गैस गोदाम के सामने स्थित बीहड़ वाले बालाजी मंदिर परिसर में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बाबा की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। आयोजन श्री करणी गोशाला पालवास धाम के संत चंद्रमा दास महाराज के सानिध्य में होगा।
आयोजन समिति के नवलकिशोर एवं आनंद कच्छावा ने बताया कि महोत्सव के तहत 19 अगस्त, बुधवार को विशाल कलश एवं निशान यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में गाजे-बाजे, शाही लवाजमे के साथ ऊंट, घोड़े और डीजे आकर्षण का केंद्र रहेंगे। शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकलने वाली इस भव्य यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। शोभायात्रा में बावलिया बाबा की जीवंत झांकी भी सजाई जाएगी।
20 अगस्त, गुरुवार को दोपहर 12:15 बजे मूर्ति स्थापना का शुभ कार्यक्रम धार्मिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ संपन्न होगा। इस अवसर पर श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगे।
इसी दिन रात को मंदिर परिसर में विशाल भजन जागरण का आयोजन होगा। इसमें चंचलनाथ टीला, झुंझुनूं के भजन सम्राट ओमनाथ एवं विचारनाथ बाबा की महिमा का गुणगान करते हुए भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। वहीं मुंबई के फिल्मी कलाकार जुगल के. नायक रंगमंच पर बाबा की लीला का जीवंत चित्रण करेंगे।
तैयारियों को लेकर बैठक, सौंपी जिम्मेदारियां
मूर्ति स्थापना महोत्सव को भव्य एवं श्रद्धामय बनाने के लिए बीहड़ वाले बालाजी मंदिर परिसर में आयोजन समिति की बैठक हुई। बैठक में तीन दिवसीय कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। आयोजन समिति ने बाबा के सभी भक्तों से महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने और सहयोग प्रदान करने की अपील की।
मूर्ति स्थापना को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। आयोजन स्थल पर तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं।