Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

श्री करणी कथा में पहले ही दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, जन्मोत्सव पर भजनों पर झूमीं महिलाएं


सीकर : रामलीला मैदान में रविवार से शुरू हुए श्री करणी कथा महोत्सव के पहले दिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कथा पंडाल महिलाओं से खचाखच भर गया। श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने के कारण आयोजकों को अतिरिक्त बैठने की व्यवस्था करनी पड़ी। दूर बैठे श्रद्धालुओं के लिए एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई, जिससे सभी भक्त कथा का श्रवण और दर्शन कर सके। पूरे पंडाल में "जय करणी माता" के जयघोष और भजनों से भक्तिमय वातावरण बना रहा।

कथा वाचक डॉ. करणी प्रताप सिंह ने मां करणी के दिव्य अवतार, त्याग, तप, करुणा, लोककल्याण और चमत्कारी जीवन प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि मां करणी केवल देवी स्वरूप ही नहीं, बल्कि धर्म, सेवा, सत्य और मानवता की जीवंत प्रेरणा हैं। उनके आदर्शों को जीवन में अपनाकर व्यक्ति आध्यात्मिक उन्नति के साथ समाज और राष्ट्र की सेवा कर सकता है।

कथा के दौरान मां करणी के जन्मोत्सव का भी उल्लासपूर्वक आयोजन किया गया। मां करणी स्वरूप कन्याओं के साथ केक काटकर जन्मोत्सव मनाया गया तथा बालिकाओं का सम्मान किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने भजनों पर श्रद्धा और उत्साह के साथ नृत्य किया। पूरा कथा पंडाल मां करणी के जयकारों से गूंज उठा।

प्रसिद्ध भजन गायक किन्नू बन्ना की संगीतमय प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण कर मां करणी से सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली और मंगल की कामना की।

कथा के दौरान उद्योगपति दिनेश बियानी, अमित चिरानिया, राजेश दोदराजका, सुरेश डीडवानिया जगदीश चौकड़ीका तथा भाजपा नेता रिछपाल सिंह कविया का डॉ. करणी प्रताप सिंह ने दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया और मां करणी का आशीर्वाद प्रदान किया।

आयोजकों ने बताया कि श्री करणी कथा महोत्सव आगामी दिनों में प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा। श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की गई है।
कथा आयोजन में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अनिता शर्मा, रमा शेखावत, सोनू सोनी, रेखा शेखावत, विक्रम सिंह बारड़, आनंद सिंह भवानीपुरा सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों ने सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाई।