Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

बारां पुलिस ने 1.46 करोड़ रुपये की 732 ग्राम स्मैक बरामद, पिता-पुत्र समेत तीन तस्कर गिरफ्तार


जयपुर : कोटा रेंज में चलाए जा रहे विशेष मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत बारां पुलिस ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वाणिज्यिक मात्रा में 732 ग्राम स्मैक बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त स्मैक की कीमत लगभग 1 करोड़ 46 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया तथा तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं।
   पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस कोटा रेंज के निर्देशन में 23 मई से 20 जून तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल कुमार के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी ताराचंद के नेतृत्व में थाना छीपाबड़ौद पुलिस ने यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।
    गश्त के दौरान थानाधिकारी छीपाबड़ौद योगेश चौहान मय टीम को आखाखेड़ी चौराहे के पास दो संदिग्ध मोटरसाइकिलों के साथ तीन व्यक्ति खड़े दिखाई दिए। पुलिस जाप्ते को वर्दी में देखकर तीनों व्यक्ति घबराकर भागने लगे। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत घेरा डाला और तीनों संदिग्धों को मौके पर ही दबोच कर डिटेन कर लिया।  

​₹1.46 करोड़ की स्मैक बरामद

​पकड़े गए आरोपियों की पहचान विमल प्रकाश महाजन (64), उनके पुत्र रवि मित्तल (36) और नरेश मीणा (35) के रूप में हुई है, जो सभी छीपाबड़ौद क्षेत्र के ही निवासी हैं। तलाशी के दौरान आरोपी रवि मित्तल और विमल प्रकाश के कब्जे से वाणिज्यिक मात्रा की 732 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। इस जब्त की गई स्मैक की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ 46 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक और एमओबी टीम बारां ने प्रारंभिक जांच में बरामद पदार्थ में मॉर्फिन की मात्रा होने की पुष्टि की है।

खरीद-फरोख्त के सौदे का खुलासा

​पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि यह आरोपी मौके पर ही स्मैक की बड़ी डील करने के लिए इकट्ठा हुए थे। आरोपी बाप-बेटे विमल प्रकाश और रवि मित्तल ने यह स्मैक तीसरे आरोपी नरेश मीणा को बेचने के लिए मंगाई थी, वहीं नरेश मीणा ने इसे इन दोनों से खरीदना स्वीकार किया है।

नशे के नेटवर्क की तलाश जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में स्मैक कहां से लाई गई और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। मामले का अनुसंधान छबड़ा थानाधिकारी राजेश खटाना द्वारा किया जा रहा है।