जयपुर : पूर्व मुख्यमंत्री स्व. श्री शिवचरण माथुर की सुपुत्री श्रीमती वंदना माथुर ने बताया कि राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं असम के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय श्री शिवचरण माथुर की 100वीं जयंती वर्ष के अवसर पर “100 ईयर्स ऑफ शिवचरण माथुर – रिफॉर्मिंग गवर्नेंस” विषय पर एक विशेष स्मृति समारोह का आयोजन रविवार, 1 मार्च 2026 को जयपुर के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में दोपहर 2 बजे किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष श्री अजय माकन, कांग्रेस महासचिव श्री सचिन पायलट, पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, सांसद श्री बृजेन्द्र ओला, सांसद श्री मुरारीलाल मीणा, सांसद श्री हरीश मीणा, पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुचित्रा आर्य सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ, शिक्षाविद्, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक सम्मिलित होंगे।
श्रीमती वंदना माथुर ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्व. श्री शिवचरण माथुर जी के प्रशासनिक दृष्टिकोण, सुशासन की सोच तथा राजस्थान के विकास में उनके योगदान को स्मरण करना एवं नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरित करना है।
इस अवसर पर वक्ताओं द्वारा उनके राजनीतिक जीवन, प्रशासनिक सुधारों तथा जनहितकारी नीतियों पर विचार व्यक्त किए जाएंगे।
श्रीमती वंदना माथुर ने बताया कि स्वर्गीय शिवचरण माथुर जी केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि वे जनसेवा को अपना कर्म मानने वाले दूरदर्शी नेता थे।
उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा आमजन, किसानों, मजदूरों और युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने राजस्थान के विकास को नई गति प्रदान की। शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों का विस्तार किया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर मिला।
कृषि और सिंचाई के क्षेत्र में उनके प्रयासों से किसानों को राहत मिली। जल संसाधनों के विकास और सिंचाई योजनाओं के माध्यम से खेती को मजबूत बनाने का कार्य किया गया। ग्रामीण विकास के क्षेत्र में सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी दूरदर्शी सोच का परिणाम था।
औद्योगिक विकास को बढ़ावा देकर उन्होंने प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए। उनका मानना था कि जब तक गांव, किसान और युवा मजबूत नहीं होंगे, तब तक राज्य का विकास अधूरा रहेगा।
मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने राजस्थान के विकास की मजबूत नींव रखी। शिक्षा का विस्तार, सिंचाई योजनाओं का विकास, ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और बिजली जैसी सुविधाओं का विस्तार — ये केवल योजनाएँ नहीं थीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य को मजबूत बनाने का विजन था।
राजस्थान के विकास की जब भी बात होगी, इंदिरा गांधी नहर परियोजना, बीसलपुर बांध का नाम स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। स्वर्गीय शिवचरण माथुर जी ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में इस ऐतिहासिक परियोजना को गति देने का काम किया।
श्रीमती वंदना माथुर ने कहा, शिवचरण माथुर जी का मानना था कि सर्वांगीण विकास की सबसे बड़ी ताकत है, और इसी सोच ने राजस्थान के भविष्य को नई दिशा दी। शिवचरण माथुर जी का जीवन हमें सादगी, ईमानदारी और जनसेवा की प्रेरणा देता है।