खैरथल जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सरकारी कर्मचारी अचानक निर्वस्त्र होकर धरने पर बैठ गया। प्रशासनिक केंद्र पर हुई इस अप्रत्याशित घटना से अधिकारी, कर्मचारी और आमजन हैरान रह गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कलेक्टर कार्यालय के बाहर निर्वस्त्र अवस्था में बैठे कर्मचारी ने अपनी पहचान जितेंद्र शर्मा के रूप में बताई। मीडिया से बातचीत में कर्मचारी ने कहा कि वह अपने जीवन में पहले किए गए गलत कार्यों और भविष्य में संभावित गलतियों के प्रायश्चित के लिए इस तरह धरने पर बैठा है। उसके इस बयान से मामला और भी रहस्यमय हो गया।
कुछ ही देर में कलेक्टरेट परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर न्यूसेंस फैलाने के आरोप में कर्मचारी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस कदम के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है।
इस मामले पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल सिंह जाट ने बताया कि जितेंद्र शर्मा की ड्यूटी किशनगढ़बास एसडीएम कार्यालय में लगी हुई है। कर्मचारी बिना किसी सूचना के खैरथल जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और परिसर के बाहर कपड़े उतारकर बैठ गया। उन्होंने कहा कि इस तरह का कृत्य स्पष्ट रूप से अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
