हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी क्षेत्र में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में बुधवार को आयोजित किसानों की महापंचायत हिंसक हो गई। शांतिपूर्ण प्रदर्शन के रूप में शुरू हुआ आंदोलन दोपहर बाद बेकाबू हो गया। आक्रोशित किसानों ने बैरिकेडिंग तोड़कर फैक्ट्री परिसर में प्रवेश किया, कब्जा जमाया और जमकर तोड़फोड़ व आगजनी की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हजारों की संख्या में पहुंचे किसानों ने फैक्ट्री को चारों ओर से घेर लिया। इस दौरान परिसर में खड़ी जेसीबी मशीनों और निजी वाहनों में आग लगा दी गई। भीड़ ने फैक्ट्री के कार्यालय को भी आग के हवाले कर दिया, जिससे पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया और अफरा-तफरी मच गई।
हिंसक झड़प में संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया के घायल होने की सूचना है। वहीं, भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश में कई पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए हैं। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया। कुछ समय तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने टिब्बी क्षेत्र में एहतियातन इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
फिलहाल हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि शांति व्यवस्था बहाल करने के प्रयास जारी हैं, जबकि फैक्ट्री में हुई भारी क्षति और जनप्रतिनिधि के घायल होने से मामला और गंभीर हो गया है।