Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

चौधरी चरण सिंह, अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसान एवं राष्ट्रहितैषी विचारों से देश बढ़ रहा आगे



चूरू : जिले के राजगढ़ मुख्यालय पर ​अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम में गुरुवार को सांसद खेल महोत्सव का समापन समारोह आयोजित किया गया। समापन अवसर पर राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, चूरू विधायक हरलाल सहारण, पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष पद्मभूषण देवेंद्र झाझड़िया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी एवं खेलप्रेमियों ने शिरकत की। इस दौरान निवर्तमान जिला प्रमुख वंदना आर्य, पूर्व विधायक अभिनेष महर्षि, निर्वतमान बीदासर प्रधान संतोष मेघवाल, प्रो दलीप पूनिया, अनूप सिंह, कौशल पूनिया, हजारीलाल सहारण सहित अन्य मंचस्थ रहे। 

इस मौके पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि खेल जीवन को अनुशासन, संघर्ष और प्रतिस्पर्धा का पाठ पढ़ाते हैं। उन्होंने पद्मभूषण देवेंद्र झाझड़िया के जीवन संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसे अभियानों के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि जब मन और मस्तिष्क स्वस्थ होता है, तभी खेल और राष्ट्र दोनों मजबूत होते हैं।

राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि आज देश चौधरी चरण सिंह, अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसान एवं राष्ट्रहितैषी विचारों से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाना, किसान सम्मान निधि, वन रैंक वन पेंशन, राम सेतु जल परियोजना, यमुना जल समझौता, खेल सुविधाओं का विस्तार और अंतरिक्ष क्षेत्र में उपलब्धियां देश की मजबूत नीतियों का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें सशक्त किया गया है। भारत आज विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है और विकसित व आत्मनिर्भर राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष पद्मभूषण देवेंद्र झाझड़िया ने कहा कि राष्ट्र के लिए कार्य करना ही उनका ध्येय है। उन्होंने कहा कि आज खिलाड़ी सरकार से सीधे संवाद कर पा रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वयं खिलाड़ियों से बात कर उनका मनोबल बढ़ा रहे हैं। खेल बजट में वृद्धि से खिलाड़ियों को संबल मिला है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की ताकत बढ़ी है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य है कि खिलाड़ियों को संघर्ष न करना पड़े, बल्कि उन्हें पूरा सहयोग मिले।

चूरू विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि खेल के बिना जीवन अधूरा है। आज गांव और ढाणी से निकलकर खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों और खिलाड़ियों दोनों का समान रूप से ध्यान रख रही है, जिससे देश का सर्वांगीण विकास संभव हो रहा है।

पूर्व विधायक अभिनेष महर्षि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खिलाड़ियों को भरपूर अवसर मिले हैं। उन्होंने कहा कि खेल में हार-जीत होती रहती है, लेकिन प्रयास और अनुशासन ही खिलाड़ी को आगे बढ़ाता है।