जयपुर : राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच की स्पेशल टीम ने करौली जिला पुलिस के समन्वय से अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ एक बड़ी और सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने टोडाभीम थाना इलाके के गांव भनकपुरा (भैसीना) में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर भारी मात्रा में 5.654 किलोग्राम अवैध अफीम और 7.52 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक शातिर अंतरराज्यीय तस्कर राकेश उर्फ रूद्रगिरी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि टोडाभीम के भैसीना गांव में स्थित ध्यानसंत मंदिर के अंदर एक व्यक्ति भारी मात्रा में अफीम और गांजा बेचने के लिए किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है।
वहां पुलिस को देखकर एक संदिग्ध व्यक्ति हड़बड़ाकर भागने लगा, जिसे घेरा देकर डिटेन किया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम राकेश उर्फ रूद्रगिरी (35) निवासी जिला सागर (मध्य प्रदेश) हाल निवासी भैसीना (करौली) बताया। जब पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली, तो उसके अंदर से 5.654 किलोग्राम शुद्ध अवैध अफीम और 772 ग्राम अवैध गांजे के 350 तैयार पाउच बरामद हुए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार तस्कर राकेश उर्फ रूद्रगिरी ने पूछताछ में कबूल किया कि वह खुद भी नशा करता है और यहां अफीम-गांजे की पुड़िया बनाकर बेचता है। उसने खुलासा किया कि वह यह माल भैसीना निवासी मिथुन धाकड़ उर्फ उत्तम से लेकर आता है, जो बड़े स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी का नेटवर्क चलाता है।
इसी दौरान टीम को गांव के ही योगेश धाकड़ के पास भी अवैध गांजा होने की दूसरी इनपुट मिली। जब पुलिस टीम योगेश धाकड़ के घर पहुंची, तो वह पुलिस की सरकारी गाड़ी देखकर प्लास्टिक का कट्टा उठाकर अपने रिहायशी मकान (पाटोर पोश) के अंदर भागा और उसे छुपाकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए पीछे की दीवार कूदकर फरार हो गया। पुलिस ने जब योगेश के घर की तलाशी ली, तो पत्थर की टांड के ऊपर रखे कट्टे से 6.280 किलोग्राम अवैध गांजा (6 पैकेट) बरामद हुआ।
इन दोनों मामलों के संबंध में करौली के टोडाभीम पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग आपराधिक प्रकरण दर्ज कर आगे का अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। फरार आरोपी योगेश धाकड़ और मुख्य सप्लायर मिथुन धाकड़ उर्फ उत्तम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।