सीकर में किन्नर समाज के भीतर चल रहा विवाद अब गंभीर रूप लेता नजर आ रहा है। किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर माही शेखावत ने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कुछ लोगों पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना, मारपीट, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और 25 लाख रुपये की मांग करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
माही शेखावत ने आरोप लगाया कि समाज के कुछ लोगों द्वारा लंबे समय से उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उनके साथ सार्वजनिक रूप से अभद्र व्यवहार और मारपीट भी की गई, जिससे वह लगातार भय और तनाव में जीवन जीने को मजबूर हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि विवाद खत्म करने के नाम पर कुछ लोगों ने 25 लाख रुपये की मांग की। माही का कहना है कि रकम नहीं देने पर उन्हें धमकियां दी जा रही हैं तथा समाज से अलग-थलग करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है।
माही शेखावत ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, सुरक्षा उपलब्ध कराने और न्याय दिलाने की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि मामले से जुड़े पर्याप्त सबूत उनके पास मौजूद हैं, जिन्हें जांच में प्रस्तुत किया जा सकता है।
वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि ज्ञापन प्राप्त हो गया है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।