Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

महिला कांस्टेबल का चार पुलिसकर्मियों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप


चूरू जिले में एक महिला कांस्टेबल द्वारा अपने ही विभाग के चार पुलिसकर्मियों पर सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगाए जाने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पीड़िता ने तत्कालीन थानाधिकारी सहित चार पुलिसकर्मियों पर थाने और होटल में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिवाद के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता वर्तमान में गैरहाजिरी और आपराधिक मामलों में संलिप्तता के आरोप में पिछले दो माह से निलंबित चल रही है। महिला कांस्टेबल का आरोप है कि उसके साथ वर्ष 2017 से दुष्कर्म की शुरुआत हुई, जो 2025 तक लगातार चलती रही। शिकायत में कहा गया है कि आरोपित पुलिसकर्मियों ने उसे डराया-धमकाया और लंबे समय तक शारीरिक व मानसिक शोषण किया।

एसपी के समक्ष सौंपा परिवाद

महिला कांस्टेबल ने बताया कि लगातार उत्पीड़न सहने के बाद वह करीब दो सप्ताह पहले जिला पुलिस अधीक्षक जय यादव के समक्ष पेश हुई और लिखित परिवाद सौंपा। एसपी के निर्देश पर एक वरिष्ठ अधिकारी से आंतरिक जांच कराई गई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर बुधवार को मामला दर्ज किया गया। इसी दिन पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।

ड्यूटी के बहाने होटल ले जाने का आरोप

पीड़िता के अनुसार वर्ष 2017 में उसकी मुलाकात विक्की नामक व्यक्ति से हुई, जो बीकानेर से आई विद्युत विभाग की एक टीम के साथ था। बातचीत के दौरान उसने खुद को विद्युत विभाग का कर्मचारी बताया, हालांकि बाद में यह तथ्य गलत निकला।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक अन्य अवसर पर, जब उसकी ड्यूटी नहीं थी, तब एक कांस्टेबल ने फोन कर उसे ड्यूटी का हवाला देते हुए बुलाया। तड़के करीब साढ़े तीन बजे वह बताए गए स्थान पर पहुंची, जहां से विक्की और एक कांस्टेबल उसे होटल ले गए। वहां नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया गया।

निष्पक्ष जांच का दावा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए निष्पक्ष जांच की जा रही है। हालांकि यह भी सामने आया है कि पीड़िता सात वर्ष पुराने घटनाक्रम को लेकर अब शिकायत लेकर आई है और वर्तमान में निलंबित भी है। ऐसे में सभी पहलुओं की गहन जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।