Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

खाटूश्यामजी में आस्था का नया रिकॉर्ड, सीकर बना प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र



राजस्थान की खाटू नगरी की ख्याति अब देश-विदेश तक फैलती जा रही है। ‘हारे के सहारे’ के नाम से प्रसिद्ध बाबा श्याम के धाम खाटूश्यामजी में श्रद्धालुओं की आस्था ने नया इतिहास रच दिया है।

 वर्ष 2024-25 में खाटूश्यामजी मंदिर में 2 करोड़ 58 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 22 लाख अधिक है।
खाटूश्यामजी न केवल राजस्थान के धार्मिक मानचित्र पर सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रहा है, बल्कि राज्य के पर्यटन को भी नई गति दे रहा है। इसके साथ ही सीकर जिला प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित हो चुका है। 

श्रद्धालुओं के निरंतर बढ़ते आगमन से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है। मंदिर क्षेत्र के आसपास होटल, धर्मशालाएं, परिवहन सेवाएं और स्थानीय व्यापार में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सीकर जिले के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। वर्ष 2024-25 के दौरान जीणमाता में 21 लाख 78 हजार, शाकंभरी माता में 7 लाख 7 हजार तथा हर्ष पर्वत में 5 लाख 34 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इस प्रकार पूरे सीकर जिले में कुल 2 करोड़ 94 लाख श्रद्धालुओं का आगमन दर्ज हुआ।

धार्मिक पर्यटन के इस निरंतर विस्तार को देखते हुए आने वाले वर्षों में श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। इससे क्षेत्रीय विकास के साथ रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है।