Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

रतननगर की बेटी निकिता ने रचा इतिहास, आरजेएस परीक्षा में प्रदेश में 27वीं रैंक हासिल

चूरू:राजस्थान उच्च न्यायालय की ओर से शुक्रवार को घोषित राजस्थान न्यायिक सेवा (RJS) परीक्षा के परिणामों में चूरू जिले के रतननगर कस्बे की होनहार बेटी निकिता ने उल्लेखनीय सफलता अर्जित करते हुए प्रदेश में 27वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा रतननगर कस्बा और चूरू क्षेत्र गौरवान्वित हुआ है।


विधि सत्संग संस्था के महेंद्र कुमार सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि निकिता ने यह सफलता चूरू अंचल में गुरुदेव महावीर सिंह यादव द्वारा स्थापित विधि सेवाओं की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हासिल की है। यह उपलब्धि क्षेत्र में न्यायिक सेवाओं के प्रति बढ़ते रुझान और सकारात्मक वातावरण का सशक्त प्रमाण है।


निकिता के पिता दिलीप कुमार मीणा विद्यालय में व्याख्याता हैं, जबकि माता संतोष देवी गृहिणी हैं। पारिवारिक संस्कार, शिक्षा के प्रति समर्पण और निरंतर प्रोत्साहन ने निकिता के आत्मविश्वास को मजबूत किया। उन्होंने वर्ष 2024 से आरजेएस परीक्षा की सघन तैयारी प्रारंभ की थी और सीमित संसाधनों के बावजूद लक्ष्य के प्रति अडिग रहकर यह मुकाम हासिल किया।


अपनी सफलता का श्रेय देते हुए निकिता ने अपने पिता, परिवारजनों, विधि सत्संग संस्था, आरजेएस चंद्रशेखर पारीक, विधि महाविद्यालय के प्राचार्य श्रवण सैनी एवं महेंद्र सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “कड़ी मेहनत, अनुशासन और परिवार, गुरुजनों व ईश्वर के आशीर्वाद से असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है।”


युवाओं के लिए अपने संदेश में निकिता ने कहा कि यदि वे निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हैं, तो सफलता उन्हें अवश्य मिलेगी। उन्होंने कहा, “संघर्ष से घबराने की बजाय उसे अपनी शक्ति बनाइए, क्योंकि वही आपको मंज़िल तक पहुंचाता है,” 


विधि सत्संग संस्था के महेंद्र सैनी ने निकिता की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह सिद्ध करती है कि छोटे कस्बों से निकलकर भी बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है।


निस्संदेह, निकिता की यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का प्रकाश स्तंभ बनेगी और रतननगर का नाम प्रदेशभर में गौरव के साथ स्थापित करेगी।